सचिवालय में नौकरी का झांसा देकर 3.20 लाख की ठगी, 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तारजयपुर
सचिवालय में नौकरी का झांसा देकर 3.20 लाख की ठगी, 10 हजार का इनामी आरोपी गिरफ्तार
जयपुर, 10 मार्च। बेरोजगारों को सचिवालय में नौकरी दिलाने का झांसा देकर ठगी करने वाले एक शातिर आरोपी को ब्रह्मपुरी थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपी पर पहले से 10 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
डीसीपी (नॉर्थ) करण शर्मा के अनुसार ब्रह्मपुरी निवासी सुभाष कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराई थी कि आरोपी ने उसे सचिवालय में क्लर्क की नौकरी लगवाने का झांसा देकर 3 लाख 20 हजार रुपये ठग लिए। आरोपी ने पीड़ित को फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया और जॉइनिंग के लिए बुलाया था।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी अरुण शर्मा उर्फ आलू, निवासी मदरसी बाबा की बगीची कागदीवाड़ा, वारदात के बाद से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी पर पुलिस ने 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था।
पुलिस के अनुसार आरोपी महंगे शौक पूरे करने के लिए लोगों को अलग-अलग तरीके से ठगता था। वह कभी खुद को ड्रग इंस्पेक्टर तो कभी पुलिस अधिकारी बताकर लोगों को सचिवालय, हाईकोर्ट और पुलिस मुख्यालय के आसपास बुलाता और नौकरी लगवाने का झांसा देता था।
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी लोगों को फर्जी नियुक्ति पत्र थमाकर उनसे पैसे ऐंठता था। उसके खिलाफ ब्रह्मपुरी, गलता गेट और नाहरगढ़ थानों में भी मामले दर्ज हैं।