सामाजिक सुरक्षा पेंशन अब 1300 रुपये मिलेगी, 1 जनवरी से लागूजयपुर
सामाजिक सुरक्षा पेंशन अब 1300 रुपये मिलेगी, 1 जनवरी से लागू
जयपुर, 18 फरवरी राज्य सरकार ने सामाजिक सुरक्षा पेंशन राशि में बढ़ोतरी करने का बड़ा निर्णय लिया है। राजस्थान न्यूनतम आय गारंटी अधिनियम, 2023 के प्रावधानों की अनुपालना में पेंशन राशि 1250 रुपये से बढ़ाकर 1300 रुपये प्रतिमाह कर दी गई है।
जारी आदेशों के अनुसार वृद्धावस्था, विधवा/एकलनारी, दिव्यांगजन तथा लघु एवं सीमांत कृषकों को दी जाने वाली मासिक पेंशन में यह वृद्धि की गई है। सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री अविनाश गहलोत ने बताया कि पेंशन वृद्धि से राज्य सरकार पर प्रतिवर्ष लगभग 550 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार आएगा, लेकिन जनकल्याण के प्रति प्रतिबद्धता निभाते हुए सरकार ने यह फैसला लिया है।
मंत्री ने कहा कि बढ़ी हुई राशि 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी तथा फरवरी 2026 से देय होगी। इस निर्णय से प्रदेश के करीब 91 लाख पेंशनधारकों को सीधा लाभ मिलेगा। राज्य सरकार के इस फैसले का प्रदेशभर में स्वागत किया जा रहा है।