आईसीयू संचालन के लिए बनाई जाएगी गाइडलाइन, अस्पतालों में गंभीर मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

आईसीयू संचालन के लिए बनाई जाएगी गाइडलाइन, अस्पतालों में गंभीर मरीजों को मिलेगा बेहतर इलाज
जयपुर, 14 मार्च। प्रदेश के अस्पतालों में आईसीयू सेवाओं को और मजबूत बनाने के लिए राज्य सरकार गाइडलाइन तैयार करेगी। इसका उद्देश्य गंभीर मरीजों को बेहतर और गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध कराना है। इससे आपात स्थिति में भी उपचार और चिकित्सा प्रबंधन अधिक प्रभावी तरीके से किया जा सकेगा।
चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग की प्रमुख शासन सचिव गायत्री राठौड़ की अध्यक्षता में शुक्रवार को वीडियो कॉन्फ्रेंस के माध्यम से बैठक आयोजित की गई, जिसमें आईसीयू संचालन को लेकर विशेषज्ञों से चर्चा की गई।
बैठक में प्रमुख शासन सचिव ने बताया कि आईसीयू सेवाओं के लिए मेडिकल कॉलेजों के विशेषज्ञ चिकित्सकों, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारियों तथा आईसीयू प्रभारियों से सुझाव मांगे गए हैं। इन सुझावों के आधार पर दिशा-निर्देश तैयार कर केंद्र सरकार को भेजे जाएंगे, जिनके आधार पर गाइडलाइन बनाई जाएगी।
जनस्वास्थ्य निदेशक डॉ. रवि प्रकाश शर्मा ने बताया कि प्रस्तावित गाइडलाइन में आईसीयू में संक्रमण की रोकथाम, गंभीर मरीजों की उचित देखभाल, प्रशिक्षित स्टाफ की उपलब्धता, मॉनिटरिंग व्यवस्था में सुधार, ऑर्गन सपोर्ट तकनीक और आपात उपचार की क्षमता बढ़ाने जैसे महत्वपूर्ण बिंदुओं को शामिल किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इन उपायों से प्रदेश के अस्पतालों में आईसीयू सेवाओं की गुणवत्ता में सुधार होगा और गंभीर मरीजों को समय पर बेहतर उपचार मिल सकेगा।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !