औचक निरीक्षण से सामने आएगी बीकानेर की सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत
औचक निरीक्षण से सामने आएगी बीकानेर की सफाई व्यवस्था की जमीनी हकीकत
वासुदेव व्यास
बीकानेर। चुनाव से पहले जयपुर जिला कलेक्टर संदेश नायक मंगलवार देर रात सरकारी वाहन के बजाय स्कूटी से परकोटे के इलाकों में पहुंचे और शहर की व्यवस्थाओं का औचक निरीक्षण किया। इस तरह के निरीक्षण को प्रशासनिक सक्रियता और जमीनी हकीकत परखने की प्रभावी कवायद माना जा रहा है।
इसी तर्ज पर बीकानेर में भी जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा रात के समय औचक निरीक्षण किए जाने की मांग उठ रही है। शहरवासियों का कहना है कि यदि अधिकारी बिना पूर्व सूचना के नाले-नालियों, जगह-जगह जाम पड़े सीवरेज, गली-मोहल्लों की सफाई व्यवस्था और रात्रि में संचालित शराब की दुकानों की स्थिति का जायजा लें तो कई समस्याएं मौके पर ही सामने आ सकती हैं।
लोगों का मानना है कि ऐसे औचक निरीक्षणों से शहर की सफाई व्यवस्था की वास्तविक स्थिति का पता चलेगा और संबंधित विभागों के अधिकारियों व कर्मचारियों की सक्रियता भी परखी जा सकेगी। चुनाव से पहले इस तरह की कार्रवाई से प्रशासन को शहर की व्यवस्थाओं में सुधार के लिए जरूरी कदम उठाने में मदद मिल सकती है।
