कोर्ट कक्ष में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले तीन गिरफ्तार

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

कोर्ट कक्ष में वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने वाले तीन गिरफ्तार
बीकानेर, 8 मार्च। बीकानेर के अदालत परिसर में न्यायालय कक्ष के अंदर वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायर ल करने के मामले में पुलिस ने तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक कोर्ट कर्मचारी भी शामिल है। तीनों के खिलाफ सदर थाने में मामला दर्ज किया गया था, जिसके बाद कार्रवाई करते हुए पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार सेशन कोर्ट में तैनात होमगार्ड मनीष पारीक की रिपोर्ट पर यह मामला दर्ज हुआ। रिपोर्ट में बताया गया कि आरोपी मनीष डूडी और भूपेंद्र सिंह ने कोर्ट परिसर में अनधिकृत रूप से प्रवेश किया। इस दौरान उनमें से एक न्यायाधीश की सीट पर बैठ गया जबकि दूसरा एक्टिंग करने लगा। इसी दौरान उन्होंने कोर्ट कक्ष के अंदर वीडियो बनाकर उसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
पुलिस ने इस मामले में दोनों युवकों के साथ कोर्ट कर्मचारी पुष्पेंद्र सिंह को भी आरोपी बनाया है। तीनों के खिलाफ मामला दर्ज कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में कोर्ट में पेश करने पर न्यायालय ने तीनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेजने के आदेश दिए।
जांच में सामने आया कि आरोपियों ने बिना सक्षम अधिकारी की अनुमति के ग्राम न्यायालय बीकानेर के न्यायालय कक्ष में अन्य व्यक्तियों के साथ अनधिकृत रूप से प्रवेश किया और जानबूझकर कोर्ट कक्ष के अंदर वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर पोस्ट कर दिया।
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने दावा किया कि किसी अज्ञात व्यक्ति ने उन्हें भांग पिला दी थी, जिसके कारण वे गलती से जज की कुर्सी पर बैठ गए और यह हरकत कर बैठे। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !