जमानत और मुकदमे में मदद के नाम पर मांगे थे एक लाख रुपए, 70 हजार में तय हुआ सौदा

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

जमानत और मुकदमे में मदद के नाम पर मांगे थे एक लाख रुपए, 70 हजार में तय हुआ सौदा

बांसवाड़ा, 12 अक्टूबर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने सोमवार को कार्रवाई करते हुए सीजेएम कोर्ट के रीडर संदीप कुमार नानावटी और होमगार्ड चालक राहुल चंदेल को रिश्वतखोरी के मामले में गिरफ्तार किया। एसीबी ने होमगार्ड चालक को 40 हजार रुपए की रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा, जबकि मामले में कथित मुख्य साजिशकर्ता की भूमिका सामने आने पर कोर्ट रीडर को भी गिरफ्तार किया गया।
एसीबी के अनुसार, आरोपियों ने शिकायतकर्ता से
जमानत खारिज नहीं होने देने, विचाराधीन मुकदमे में मदद करने और सजा से बचाने के नाम पर एक लाख रुपए की रिश्वत मांगी थी। बाद में सौदा 70 हजार रुपए में तय हुआ। आरोपियों ने पहले ही 30 हजार रुपए ले लिए थे।
11 अक्टूबर को शिकायत का सत्यापन कराया गया, जिसमें 40 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। सत्यापन के दौरान आरोपियों ने खर्चा-पानी के नाम पर दो हजार रुपए भी लिए थे।
एसीबी उदयपुर रेंज के एसपी पीयूष दीक्षित के सुपरविजन तथा बांसवाड़ा इकाई के डीएसपी रतन सिंह राजपुरोहित के नेतृत्व में ट्रैप कार्रवाई की गई। होमगार्ड चालक राहुल चंदेल को कोर्ट रीडर के लिए रिश्वत लेते गिरफ्तार किया गया। इसके बाद रीडर संदीप कुमार नानावटी को भी हिरासत में लिया गया।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !