जूनागढ़ के सामने पार्क के तीन ऐतिहासिक दरवाजों के बीच की दीवारें हटाईं, चौड़ीकरण का काम शुरू
जूनागढ़ के सामने पार्क के तीन ऐतिहासिक दरवाजों के बीच की दीवारें हटाईं, चौड़ीकरण का काम शुरू
बीकानेर। ऐतिहासिक परकोटे के तीन दरवाजों पर आवागमन की समस्या से निजात दिलाने के लिए बीकानेर विकास प्राधिकरण (BDA) ने चौड़ीकरण का काम शुरू कर दिया है। इसके तहत जूनागढ़ के सामने स्थित पार्क के तीनों गेटों के बीच बनी दोनों दीवारों को हटा दिया गया है।
एक्सईएन नवीन मीणा के अनुसार, तीनों गेटों के बीच की दूरी अब एक समान रखी जाएगी और दोनों हिस्सों का नए सिरे से निर्माण होगा। उन्होंने बताया कि नए निर्माण में ऐतिहासिक स्वरूप से कोई छेड़छाड़ नहीं की जाएगी तथा पुराने पत्थरों की पारंपरिक खूबसूरती भी बरकरार रखी जाएगी।
गेटों पर स्थापित ऐतिहासिक पत्थर की प्रतिमाओं को भी काम पूरा होने के बाद वापस यथास्थान स्थापित किया जाएगा। मीणा ने बताया कि करीब सौ साल पुराने इन ऐतिहासिक गेटों की मरम्मत लंबे समय से नहीं हुई थी। अब चौड़ीकरण के साथ इनकी मरम्मत का कार्य भी शुरू किया जाएगा।
