देशनोक नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा सहित अन्य के खिलाफ एसीबी ने दर्ज किया मामला
देशनोक नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा सहित अन्य के खिलाफ एसीबी ने दर्ज किया मामला
बीकानेर/देशनोक। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने देशनोक नगर पालिका के पूर्व पालिकाध्यक्ष ओमप्रकाश मूंधड़ा सहित अन्य के खिलाफ पद के दुरुपयोग के आरोप में मामला दर्ज किया है।
एसीबी के अनुसार मूंधड़ा पर पालिकाध्यक्ष पद का उपयोग करते हुए अपने ही नाम से तीन पट्टे जारी करवाने का आरोप है। जांच में सामने आया कि ये तीनों पट्टे 31 दिसंबर 2021 को जारी किए गए थे। पट्टों का क्षेत्रफल क्रमशः 71.88 वर्गमीटर, 267.14 वर्गमीटर और 42.53 वर्गमीटर बताया गया है। इन तीनों पट्टों का 11 जनवरी 2022 को पंजीयन कराया गया था।
शिकायत प्राप्त होने के बाद एसीबी ने मामले की जांच की। जांच के दौरान भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 17-ए के तहत सक्षम प्राधिकारी से पूर्वानुमोदन लिया गया। प्रथम दृष्टया अपराध पाए जाने के बाद एसीबी ने प्रकरण दर्ज किया है।
मामला सामने आने के बाद देशनोक नगरपालिका की कार्यप्रणाली और तत्कालीन पद के कथित दुरुपयोग को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। अब मामले में आगे की जांच के बाद आरोपों की वास्तविक स्थिति और जिम्मेदारी तय होने की उम्मीद है।
