नगर निगम आयुक्त के आश्वासन पर बार एसोसिएशन ने स्थगित किया 9 अक्टूबर का प्रस्तावित धरना

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

नगर निगम आयुक्त के आश्वासन पर बार एसोसिएशन ने स्थगित किया 9 अक्टूबर का प्रस्तावित धरना
बीकानेर। जिला न्यायालय परिसर के नवीन एवं पुराने भवन में सफाई और मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं को लेकर बार एसोसिएशन, बीकानेर द्वारा 9 अक्टूबर को प्रस्तावित नगर निगम आयुक्त कार्यालय के घेराव एवं धरने को स्थगित कर दिया गया।
बार एसोसिएशन लंबे समय से पुराने न्यायालय भवन में बार रूम के पीछे जमा गंदगी की सफाई तथा पार्किंग के पास स्थित शौचालय की मरम्मत और सफाई की मांग कर रही थी।
इस संबंध में नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी ने बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित से दूरभाष पर वार्ता कर समस्याओं के शीघ्र समाधान का आश्वासन दिया। इसके बाद बार एसोसिएशन ने प्रस्तावित धरना स्थगित करने का निर्णय लिया।
आयुक्त के निर्देश पर नगर निगम की टीम ने न्यायालय परिसर का मौका मुआयना किया। निगम की ओर से आगामी दो से तीन दिनों में सभी संबंधित कार्य पूरे करवाने का भरोसा दिलाया गया है। अब बार एसोसिएशन को निर्धारित समय में समस्याओं के समाधान की उम्मीद है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !