नरेन्द्र भवन में कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक, हाथापाई तक पहुंची नौबत
नरेन्द्र भवन में कांग्रेस नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक, हाथापाई तक पहुंची नौबत
राष्ट्रीय सचिव चिरंजीव राव के सामने हुआ घटनाक्रम, नेताओं ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया
कांग्रेस नेताओं में तीखी नोकझोंक
बीकानेर। निकाय चुनाव के दौरान सिंबल से जुड़े विवाद और उपमहापौर चुनाव में हार के बाद कांग्रेस में चल रही अंदरूनी खींचतान बुधवार को एक बार फिर सामने आ गई। नरेन्द्र भवन में कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चिरंजीव राव की मौजूदगी में पूर्व मंत्री गोविन्द मेघवाल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि मामला हाथापाई तक पहुंचने की नौबत आ गई। मौके पर मौजूद कांग्रेस नेताओं ने बीच-बचाव कर दोनों को अलग किया।
जानकारी के अनुसार कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव चिरंजीव राव पिछले दो दिनों से नरेन्द्र भवन में निकाय चुनाव के दौरान सामने आए सिंबल से जुड़े विवाद तथा उपमहापौर चुनाव में कांग्रेस की हार को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं।
बुधवार को एयरपोर्ट रवाना होने के दौरान पूर्व मंत्री गोविन्द मेघवाल और कांग्रेस जिलाध्यक्ष के बीच पार्टी के कार्यक्रमों की सूचना देने को लेकर कहासुनी शुरू हो गई। बताया जा रहा है कि मेघवाल ने जिलाध्यक्ष पर कांग्रेस के कार्यक्रमों की जानकारी नहीं देने की बात कही। इस पर जिलाध्यक्ष ने कथित तौर पर कहा कि आप मुझे जिलाध्यक्ष मानते ही कहां हैं, आपने सार्वजनिक मंचों से भी इस तरह की बात कही है।
देखते ही देखते दोनों नेताओं के बीच बहस तेज हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार स्थिति हाथापाई तक पहुंचने लगी, जिसके बाद वहां मौजूद कांग्रेस नेताओं ने हस्तक्षेप कर दोनों को अलग किया और मामला शांत कराया।
यह पूरा घटनाक्रम राष्ट्रीय सचिव चिरंजीव राव के सामने हुआ। अचानक हुए विवाद से कुछ देर के लिए वहां मौजूद नेता भी असहज नजर आए। घटना ने निकाय चुनाव के बाद कांग्रेस के भीतर चल रही आपसी खींचतान और संगठनात्मक मतभेदों को फिर चर्चा में ला दिया है।
पंचायती राज चुनाव से पहले कांग्रेस के दो प्रमुख नेताओं के बीच सार्वजनिक रूप से हुआ यह विवाद पार्टी के लिए चर्चा का विषय बन गया है। हालांकि पूरे मामले में संबंधित नेताओं की ओर से आधिकारिक रूप से कोई विस्तृत बयान सामने नहीं आया है।
