बीकानेर नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोप, आरएएस अधिकारी को हटाने की मांग
बीकानेर नगर निगम में भ्रष्टाचार के आरोप, आरएएस अधिकारी को हटाने की मांग
बीकानेर। शहर के एक जागरूक नागरिक नरेन्द्र सिंह राजावत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट साझा कर बीकानेर नगर निगम में कथित भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप लगाए हैं। पोस्ट में नगर निगम के एक आरएएस अधिकारी पर अनियमितताओं को बढ़ावा देने तथा अवैध निर्माण करने वालों को संरक्षण देने का आरोप लगाया गया है।
पोस्ट में दावा किया गया है कि संबंधित अधिकारी के खिलाफ कई शिकायतें लंबित हैं और उनके कार्यकाल में निगम को आर्थिक नुकसान पहुंचा है। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की एसीबी से जांच करवाई जानी चाहिए।
शिकायतकर्ता ने राज्य सरकार से मांग की है कि जनहित को ध्यान में रखते हुए संबंधित अधिकारी को तत्काल प्रभाव से हटाया जाए, ताकि नगर निगम में पारदर्शिता और सुशासन सुनिश्चित किया जा सके।
हालांकि, इन आरोपों को लेकर अभी तक संबंधित अधिकारी या नगर निगम प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है। यदि प्रशासन की ओर से कोई स्पष्टीकरण प्राप्त होता है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।
शहर में इस मुद्दे को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है और आमजन पारदर्शी जांच की मांग कर रहे हैं।