बीकानेर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मारपीट का मामला पीसीसी ने पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला
बीकानेर में कांग्रेस जिलाध्यक्ष से मारपीट का मामला पीसीसी ने पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित को 6 साल के लिए पार्टी से निकाला
बीकानेर में नगर निगम चुनाव कार्यालय के उद्घाटन के दौरान कांग्रेस जिलाध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल के साथ हुई अभद्रता और मारपीट के मामले में राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी (पीसीसी) ने बड़ा एक्शन लिया है। पीसीसी ने अनुशासनहीनता के आरोप में पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा और मोहित अरोड़ा को तत्काल प्रभाव से 6 वर्ष के लिए पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से निलंबित कर दिया है।
कार्यालय उद्घाटन में हुआ था विवाद
पीसीसी संगठन महासचिव ललित तूनवाल की ओर से जारी आदेश के अनुसार, बीकानेर शहर जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मदन गोपाल मेघवाल ने प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि बीकानेर नगर निगम के वार्ड नंबर 50 के प्रत्याशी के चुनाव कार्यालय उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान पूर्व पार्षद दीपक अरोड़ा, मोहित अरोड़ा और अन्य लोगों ने जिलाध्यक्ष मेघवाल के साथ अभद्र व्यवहार और मारपीट की।
पार्टी ने माना गंभीर अनुशासनहीनता
पीसीसी ने जिलाध्यक्ष के साथ किए गए इस आचरण को ‘अत्यंत गंभीर अनुशासनहीनता’ की श्रेणी में माना। मामले की गंभीरता को देखते हुए संगठन महासचिव ने आदेश जारी कर दोनों को तत्काल प्रभाव से 6 साल के लिए पार्टी से बाहर का रास्ता दिखा दिया है। आदेश की प्रति बीकानेर शहर जिलाध्यक्ष और प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय को प्रेषित की गई है।
