बीकानेर विकास प्राधिकरण कार्यालय में सेल एनओसी में देरी का आरोप, मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

बीकानेर विकास प्राधिकरण कार्यालय में सेल एनओसी में देरी का आरोप, मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग
बीकानेर। मरुधरा पुष्करणा वाहिनी ने बीकानेर विकास प्राधिकरण (बीडीए) कार्यालय में मकानों की सेल एनओसी जारी करने में देरी और आमजन को बार-बार कार्यालय के चक्कर लगवाने का आरोप लगाया है। संगठन ने इस संबंध में मुख्यमंत्री, स्वायत्त शासन विभाग के प्रमुख शासन सचिव, मुख्य सचिव, संभागीय आयुक्त और बीडीए सचिव को पत्र भेजकर कार्रवाई की मांग की है।
संगठन के सचिव गणेश रंगा ने पत्र में बताया कि निर्धारित प्रक्रिया पूरी करने के बावजूद कई आवेदकों को समय पर एनओसी नहीं मिल रही है। इससे लोगों को समय और धन की हानि हो रही है तथा सरकारी कार्यालयों के प्रति असंतोष बढ़ रहा है।
पत्र में मुरलीधर व्यास नगर निवासी श्रीमती विमला व्यास का उदाहरण देते हुए कहा गया है कि उन्हें अपने मकान की एनओसी के लिए बार-बार बीडीए कार्यालय जाना पड़ रहा है। संगठन ने आरोप लगाया कि कार्यालय में अधिकारियों का प्रभावी पर्यवेक्षण नहीं होने के कारण आवेदनों के निस्तारण में अनावश्यक देरी हो रही है।
मरुधरा पुष्करणा वाहिनी ने श्रीमती विमला व्यास के प्रकरण की तत्काल जांच कर शीघ्र निस्तारण, लंबित एनओसी मामलों की समीक्षा और आवेदनों के लिए निश्चित समय-सीमा तय करने की मांग की है। साथ ही, आवेदकों को बिना उचित कारण बार-बार बुलाने वाले कर्मचारियों की जांच, अधिकारियों की जवाबदेही तय करने और दोषी पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की मांग की गई है।
संगठन ने एनओसी से संबंधित शिकायतों के समाधान के लिए प्रभावी शिकायत निवारण व्यवस्था स्थापित करने का भी आग्रह किया है। पत्र में मुख्यमंत्री से मामले में गंभीरता से संज्ञान लेकर आवश्यक निर्देश जारी करने की अपील की गई है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !