रिश्वत मांगने के आरोप में पटवारी के खिलाफ एसीबी ने दर्ज किया प्रकरण
रिश्वत मांगने के आरोप में पटवारी के खिलाफ एसीबी ने दर्ज किया प्रकरण
बांसवाड़ा। कृषि भूमि के खाते में नाम संबंधी गलती सुधारने और नामांतरण कराने के बदले परिवादी से 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने के मामले में एसीबी ने सेनावासा पटवार मंडल के पटवारी अभिषेक व्यास के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है।
एसीबी के डीएसपी रतनसिंह राजपुरोहित के अनुसार परिवादी अपनी कृषि भूमि के खाते में नाम शुद्ध करवाने तथा नामांतरण कराने के लिए पटवारी के पास गया था। परिवादी ने शिकायत दी कि उक्त कार्य के बदले तत्कालीन पटवारी अभिषेक व्यास द्वारा रिश्वत की मांग कर उसे परेशान किया जा रहा है।
शिकायत के सत्यापन के लिए 4 अगस्त को कार्रवाई की गई, जिसमें आरोपी पटवारी द्वारा 10 हजार रुपए की रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद एसीबी मुख्यालय से प्रकरण दर्ज करवाया गया।
एसीबी की बांसवाड़ा इकाई ने मुख्यालय के निर्देश पर कार्रवाई की। हालांकि कार्रवाई की भनक लगने के बाद पटवारी ने रिश्वत की राशि नहीं ली। एसीबी के अनुसार यह कार्रवाई केवल रिश्वत मांगने की शिकायत के सत्यापन के बाद की गई है।
एसीबी ने स्पष्ट किया कि रिश्वत की रकम के साथ आरोपी को रंगे हाथ पकड़ना ही आवश्यक नहीं है। रिश्वत मांगने की शिकायत का सत्यापन और संबंधित साक्ष्य मिलने पर भी प्रकरण दर्ज किया जा सकता है। भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7 के तहत अनुचित लाभ प्राप्त करने के प्रयास को भी अपराध माना गया है।
