लंबे इंतजार के बाद सरकार ने जारी की तबादला सूची, नाराजगी झेल रहे अधिकारियों को हटाया

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

लंबे इंतजार के बाद सरकार ने जारी की तबादला सूची, नाराजगी झेल रहे अधिकारियों को हटाया

बीकानेर। लंबे समय से चल रहे इंतजार के बाद प्रदेश सरकार ने पुलिस महकमे में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल करते हुए करीब पांच दर्जन आईपीएस अधिकारियों के तबादले कर दिए हैं। इस तबादला सूची में कई जिलों के पुलिस अधीक्षकों (एसपी) को भी बदला गया है। माना जा रहा है कि इस बार तबादला सूची को प्रदेश के मुखिया ने खुद समीक्षा करने के बाद हरी झंडी दी है।
सूत्रों के अनुसार कई ऐसे पुलिस कप्तानों को बदला गया है, जिनके खिलाफ स्थानीय नेताओं और आम जनता में नाराजगी की स्थिति बनी हुई थी। खासतौर पर एक केंद्रीय मंत्री की नाराजगी के बाद मारवाड़ क्षेत्र में उनके गृह जिले के पुलिस अधीक्षक को बदल दिया गया। बताया जाता है कि मंत्री ने इस संबंध में प्रदेश के मुखिया को पत्र लिखकर अपनी आपत्ति भी दर्ज कराई थी।
इसी तरह एक विधायक की नाराजगी के चलते भी एक पुलिस कप्तान को हटाया गया है। नहरी क्षेत्र के एक जिले में एथेनॉल फैक्ट्री विवाद के कारण स्थानीय लोगों के विरोध का सामना कर रहे पुलिस अधीक्षक को पास के ही दूसरे जिले में भेज दिया गया है।
सरकार ने इस तबादला सूची में कई वरिष्ठ अधिकारियों को महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां भी सौंपी हैं। साथ ही जातीय और क्षेत्रीय समीकरणों को भी ध्यान में रखा गया है। कुछ नए अधिकारियों को बेहतर पोस्टिंग देकर यह संदेश देने की कोशिश की गई है कि ऊर्जावान अधिकारियों से जिलों में कानून व्यवस्था को और मजबूत किया जाएगा।
कुल मिलाकर पुलिस महकमे में व्यवस्था सुधारने और प्रशासनिक ढांचे को दुरुस्त करने के उद्देश्य से इन तबादलों को सिस्टम की “सर्जरी” के तौर पर देखा जा रहा है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !