लक्षित प्रकरणों की कार्ययोजना वापस लेने पर अधिवक्ताओं ने मनाया विजय दिवसचार दिन से जारी अदालती बहिष्कार समाप्त, 5 सितंबर से नियमित न्यायिक कार्य शुरू करेंगे अधिवक्ता

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

लक्षित प्रकरणों की कार्ययोजना वापस लेने पर अधिवक्ताओं ने मनाया विजय दिवस
चार दिन से जारी अदालती बहिष्कार समाप्त, 5 सितंबर से नियमित न्यायिक कार्य शुरू करेंगे अधिवक्ता

बीकानेर, 3 सितम्बर। राजस्थान उच्च न्यायालय, जोधपुर द्वारा लक्षित प्रकरणों की कार्ययोजना को वापस लेने संबंधी 2 सितम्बर को पत्र जारी किए जाने के बाद बीकानेर बार एसोसिएशन ने चार दिन से चल रहे अदालती बहिष्कार को समाप्त कर दिया। गुरुवार को अधिवक्ताओं ने बार अध्यक्ष कार्यालय में एकत्र होकर एक-दूसरे का मुंह मीठा कराया और इसे विजय दिवस के रूप में मनाया।
इस अवसर पर वरिष्ठ अधिवक्ता गणेश चौधरी एवं नवनिर्वाचित बार कौंसिल सदस्य कुलदीप शर्मा ने बार अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित को मिठाई खिलाकर बधाई दी। अधिवक्ताओं ने आंदोलन की सफलता पर एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं।
बार अध्यक्ष अजय कुमार पुरोहित ने कहा कि सभी अधिवक्ता साथियों ने एकजुट होकर यह साबित किया है कि जब अधिवक्ता अपने सम्मान, स्वतंत्रता, प्रभावी पैरवी और न्याय की गुणवत्ता के लिए आवाज उठाता है, तो उसकी आवाज सुनी जाती है। उन्होंने कहा, “संघर्ष हमारा अधिकार है, एकता हमारी ताकत है और न्याय हमारी मंजिल है।” उन्होंने आंदोलन को प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रूप से सहयोग देने वाले सभी अधिवक्ताओं और अन्य लोगों का आभार जताते हुए कहा कि यह विजय बार के प्रत्येक अधिवक्ता की है।
बार सभापति रामकृष्ण दास गुप्ता के मार्गदर्शन में चार दिनों तक कार्य स्थगन रहने के कारण गुरुवार को अधिवक्ता अदालतों में नियमित पैरवी के लिए पूरी तैयारी के साथ नहीं पहुंच सके। वहीं, 4 सितम्बर को जन्माष्टमी के अवसर पर अवकाश रहेगा। ऐसे में बार एसोसिएशन ने आंदोलन समाप्त करने की घोषणा करते हुए सभी अधिवक्ताओं से 5 सितम्बर, शनिवार से विधिवत रूप से अदालती कार्य शुरू करने का आह्वान किया है। इस संबंध में सभी अदालतों को भी सूचना भेजी गई है।
विजय दिवस के अवसर पर बार एसोसिएशन की ओर से नई एवं पुरानी अदालत परिसर में अधिवक्ताओं के बीच मिठाई का वितरण किया गया। सचिव हेमंत सिंह चौहान, उपाध्यक्ष लेखराम धतरवाल, रविकांत वर्मा, अनवर अली सैयद, कर्ण सिंह तंवर, संतनाथ योगी, सुरेंद्रपाल शर्मा, रघुवीर सिंह राठौड़, चतुर्भुज सारस्वत, भंवर बिश्नोई, हनुमान बिश्नोई, गणेश टांक एवं शकीना खान सहित अन्य अधिवक्ताओं ने मिठाई वितरण में सहभागिता निभाई।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !