विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की ‘रिपोर्ट कार्ड’ से होगी परख, हाईकमान ने मांगी पूरी कुंडलीजयपुर

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

विधानसभा में कांग्रेस विधायकों की ‘रिपोर्ट कार्ड’ से होगी परख, हाईकमान ने मांगी पूरी कुंडली
जयपुर, । आगामी पंचायतीराज चुनावों से पहले कांग्रेस संगठन को सक्रिय और मजबूत करने के लिए पार्टी हाईकमान लगातार नए फैसले ले रहा है। संगठन में नई नियुक्तियों के साथ-साथ अब पार्टी विधायकों के प्रदर्शन की भी समीक्षा करने की तैयारी कर रही है।
इसी कड़ी में विधानसभा के बजट सत्र के दौरान कांग्रेस विधायकों का पूरा रिपोर्ट कार्ड मांगा गया है। इसके जरिए यह परखा जाएगा कि सदन में कौन-कौन विधायक सक्रिय रहे और किनकी उपस्थिति या भागीदारी कम रही।
सूत्रों के अनुसार, हाईकमान विधानसभा में विधायकों की उपस्थिति, सवाल पूछने, बहस में भागीदारी और सरकार को घेरने की कोशिश जैसे पहलुओं का विश्लेषण करेगा। यह भी देखा जाएगा कि कितने विधायक ऐसे रहे जिन्होंने सत्र के दौरान कोई सवाल तक नहीं उठाया।
बताया जा रहा है कि संगठन स्तर पर भी खाली पदों को भरने और कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने की प्रक्रिया तेज कर दी गई है। पार्टी का लक्ष्य पंचायत चुनावों से पहले संगठन और कार्यकर्ताओं को एक्टिव मोड में लाना है।
कांग्रेस नेतृत्व की रणनीति यह है कि जिस तरह हाल के उपचुनावों में पार्टी ने जीत हासिल की थी, उसी तरह स्थानीय निकाय और पंचायत चुनावों में भी भाजपा को कड़ी टक्कर दी जाए। इसके लिए विधायकों की सक्रियता और संगठन की मजबूती पर विशेष जोर दिया जा रहा है।
पार्टी सूत्रों का कहना है कि विधायकों के प्रदर्शन की इस समीक्षा के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी और जरूरत पड़ने पर संगठनात्मक स्तर पर भी बदलाव किए जा सकते हैं।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !