विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत पीबीएम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के तहत पीबीएम में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बीकानेर। मानसिक रोग एवं नशा मुक्ति विभाग, पीबीएम अस्पताल तथा राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य कार्यक्रम इकाई के संयुक्त तत्वावधान में मंगलवार को विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अंतर्गत विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज के एमबीबीएस प्रथम वर्ष के विद्यार्थियों को परीक्षा तनाव प्रबंधन, आत्महत्या रोकथाम एवं नशा मुक्ति के संबंध में महत्वपूर्ण जानकारी दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत कॉलेज प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र कुमार एवं विभागाध्यक्ष डॉ. श्रीगोपाल गोयल के संबोधन से हुई। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य, समग्र स्वास्थ्य का अभिन्न हिस्सा है और मानसिक समस्याओं को छिपाने के बजाय समय पर विशेषज्ञ सहायता लेना आवश्यक है।
जागरूकता सत्र में डॉ. अनामिका ने विद्यार्थियों को QPR (Question, Persuade, Refer) मॉडल तथा “आई सपोर्ट माय फ्रेंड” मॉड्यूल के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने अवसाद या मानसिक संकट के चेतावनी संकेतों को पहचानने, संवेदनशीलता के साथ संवाद करने तथा समय पर सहायता उपलब्ध कराने के तरीकों की जानकारी दी।
कार्यक्रम में आत्महत्या रोकथाम और नशे के दुष्प्रभावों पर भी व्याख्यान दिया गया। विशेषज्ञों ने बताया कि सही समय पर पहचान और संवाद किसी व्यक्ति का जीवन बचा सकता है। साथ ही नशे से होने वाले शारीरिक और मानसिक नुकसान तथा उपलब्ध उपचार एवं पुनर्वास सेवाओं की जानकारी भी साझा की गई।
कार्यक्रम में विनोद पंचारिया और रविंद्र भाटी का विशेष सहयोग रहा। आयोजकों ने बताया कि आगामी दिनों में भी ऐसे जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि युवाओं में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !