हाईटेक ड्रोन से बदमाशों पर रहेगी नजर, राजस्थान पुलिस की निगरानी व्यवस्था होगी मजबूत
हाईटेक ड्रोन से बदमाशों पर रहेगी नजर, राजस्थान पुलिस की निगरानी व्यवस्था होगी मजबूत
बीकानेर। राजस्थान पुलिस अब हाईटेक ड्रोन के जरिए अपराधियों पर जमीन के साथ आसमान से भी निगरानी रखने की तैयारी कर रही है। ड्रोन तकनीक के इस्तेमाल से बदमाशों की गतिविधियों पर नजर रखने और पुलिस अभियानों को अधिक प्रभावी बनाने में मदद मिलेगी।
एडीजी (लॉ एंड ऑर्डर) वीके सिंह के अनुसार, राजस्थान पुलिस के 17 जवानों को भारतीय सेना से एंटी-ड्रोन सिस्टम का प्रशिक्षण दिलाया गया है। यह प्रशिक्षण 15 सितंबर से 3 अक्टूबर तक श्रीगंगानगर के लालगढ़ जाटान स्थित सप्तशक्ति ड्रोन ट्रेनिंग स्कूल में आयोजित किया गया।
तीन सप्ताह के प्रशिक्षण में जवानों को हाईटेक ड्रोन उड़ाने के साथ ऑपरेशन के दौरान ड्रोन खराब होने पर उसे तत्काल ठीक कर दोबारा इस्तेमाल करने की जानकारी भी दी गई। प्रशिक्षण में कांस्टेबल से लेकर डीएसपी स्तर तक के पुलिस अधिकारी शामिल हुए।
एआरपीएस प्रवीन कुमार के अनुसार, राजस्थान पुलिस ने पहली बार भारतीय सेना के सहयोग से ड्रोन प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया। इसमें विशेष रूप से सीमावर्ती जिलों के पुलिसकर्मियों को शामिल किया गया।
प्रशिक्षण के दौरान पुलिस जवानों को सर्विलांस ड्रोन ऑपरेशन, मिशन प्लानिंग, फ्लाइंग सेफ्टी और फर्स्ट पर्सन व्यू (एफपीवी) ड्रोन सिमुलेशन की जानकारी दी गई।
राजस्थान पुलिस अब ड्रोन तकनीक को नियमित पुलिसिंग का हिस्सा बनाने की दिशा में काम कर रही है। इससे संवेदनशील क्षेत्रों की निगरानी, संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने और पुलिस अभियानों में आधुनिक तकनीक का उपयोग बढ़ने की उम्मीद है।
