श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में 8 नवंबर को मनेगी दीपावली, त्योहारों की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से मिला समिति का शिष्टमंडल
श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में 8 नवंबर को मनेगी दीपावली, त्योहारों की व्यवस्थाओं को लेकर अधिकारियों से मिला समिति का शिष्टमंडल
बीकानेर। श्री लक्ष्मीनाथ जी मंदिर में इस वर्ष दीपावली सहित पांच दिवसीय दीपोत्सव विभिन्न तिथियों पर मनाया जाएगा। त्योहारों के दौरान मंदिर में रोशनी, सफाई और सुरक्षा की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करवाने के लिए श्री लक्ष्मीनाथ मंदिर विकास एवं पर्यावरण समिति का एक शिष्टमंडल अधिकारियों से मिला और आवश्यक व्यवस्थाएं करवाने की मांग की।
मंदिर के कथावाचक पंडित श्रीकांत व्यास तथा मुख्य पुजारी श्री नरोत्तम महाराज सेवग ने बताया कि मंदिर में धनतेरस 6 नवंबर, रूप चौदस 7 नवंबर, दीपावली 8 नवंबर, गोवर्धन पूजा एवं अन्नकूट 10 नवंबर तथा भाई दूज 11 नवंबर को मनाई जाएगी।
रोशनी और सजावट की व्यवस्थाएं करवाने की मांग
समिति के सचिव सीताराम कच्छावा के नेतृत्व में शिष्टमंडल ने जिला कलेक्टर निशांत जैन तथा बीकानेर विकास प्राधिकरण की आयुक्त श्रीमती धायगुडे स्नेह नाना से मुलाकात की। इस दौरान मंदिर में त्योहारों के अवसर पर लाइट डेकोरेशन करवाने, मंदिर की दीवारों पर लगी लाइटों को दुरुस्त करवाने, पार्क में बंद पड़ी लाइटों को चालू करवाने तथा ‘हे नाथ, मैं आपको भूलूं नहीं’ बोर्ड की मरम्मत करवाने का आग्रह किया गया।
हजारों दर्शनार्थियों की सुरक्षा के लिए पुलिस व्यवस्था की मांग
शिष्टमंडल ने पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा से मुलाकात कर धनतेरस से भाई दूज तक मंदिर में पर्याप्त पुलिस जाब्ता तैनात करने की मांग की। समिति पदाधिकारियों ने बताया कि इन त्योहारों के दौरान बीकानेर शहर के साथ आसपास के गांवों से भी हजारों श्रद्धालु परिवार सहित दर्शन करने पहुंचते हैं। पर्याप्त पुलिस व्यवस्था नहीं होने से मंदिर परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में जाम की स्थिति बन जाती है, जिससे दर्शनार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ता है।
पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा ने शिष्टमंडल को त्योहारों के दौरान मंदिर में पर्याप्त पुलिस व्यवस्था सुनिश्चित करने का आश्वासन दिया।
सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने का आग्रह
शिष्टमंडल ने नगर निगम आयुक्त सिद्धार्थ पलानीचामी से भी मुलाकात कर मंदिर परिसर, पार्क, शौचालयों तथा आसपास के पूरे क्षेत्र में विशेष सफाई व्यवस्था करवाने का आग्रह किया, ताकि त्योहारों के दौरान श्रद्धालुओं को स्वच्छ वातावरण मिल सके।
शिष्टमंडल में समिति सचिव सीताराम कच्छावा, नरेंद्र शर्मा, आजाद पुरोहित, घनश्याम महात्मा तथा हेमंत शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी शामिल थे।

