वार्ड 25 में पार्षद की कार्यशैली पर उठे सवाल, महापौर को की शिकायतसीवरेज जाम की सफाई वार्ड 62 के पार्षद अकबर खादी ने करवाई, अब सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर महिला ने की शिकायत

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

वार्ड 25 में पार्षद की कार्यशैली पर उठे सवाल, महापौर को की शिकायत
सीवरेज जाम की सफाई वार्ड 62 के पार्षद अकबर खादी ने करवाई, अब सफाई और स्ट्रीट लाइट की समस्या को लेकर महिला ने की शिकायत
बीकानेर। शहर के वार्ड नंबर 25 में मूलभूत सुविधाओं को लेकर स्थानीय निवासियों और पार्षद के बीच विवाद का मामला सामने आया है। वार्ड की निवासी एवं महिला अत्याचार निवारण समिति की अध्यक्ष फेमीदा ने वार्ड पार्षद मोहम्मद हुसैन पर जनसमस्याओं की सुनवाई नहीं करने और अनुचित व्यवहार करने का आरोप लगाया है। इस संबंध में उन्होंने महापौर को लिखित शिकायत देकर मामले से अवगत कराया है।
फेमीदा के अनुसार, मोहल्ले में सीवरेज जाम होने की समस्या को लेकर पहले वार्ड 25 के पार्षद मोहम्मद हुसैन को सूचना दी गई थी, लेकिन आरोप है कि उनकी ओर से समस्या के समाधान के लिए कोई कार्रवाई नहीं की गई। इसके बाद वार्ड नंबर 62 के पार्षद अकबर खादी को समस्या से अवगत कराया गया, जिन्होंने तत्काल सीवरेज की सफाई करवा दी।
फेमीदा ने बताया कि अब मोहल्ले में सफाई व्यवस्था दुरुस्त करवाने और बिजली के खंभे पर लाइट लगवाने की मांग को लेकर पार्षद मोहम्मद हुसैन से व्यक्तिगत रूप से संपर्क किया गया। आरोप है कि पार्षद ने उन्हें वार्ड 62 के पार्षद अकबर खादी से काम करवाने की बात कही।
इस पर स्थानीय निवासियों ने सवाल उठाया कि जब उन्होंने वार्ड 25 के पार्षद को अपने क्षेत्र की समस्याओं के समाधान के लिए वोट देकर चुना है, तो उन्हें अपने वार्ड के कार्यों के लिए दूसरे वार्ड के पार्षद के पास क्यों जाना पड़ रहा है? फेमीदा का आरोप है कि इस दौरान पार्षद का व्यवहार भी अनुचित रहा।
महापौर से कार्रवाई की मांग
महिला अत्याचार निवारण समिति की अध्यक्ष फेमीदा ने इस पूरे मामले को लेकर महापौर को लिखित शिकायत दी है। उन्होंने वार्ड 25 के पार्षद मोहम्मद हुसैन के कथित अनुचित व्यवहार और जनसमस्याओं की अनदेखी के मामले में उचित कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि नगर निगम प्रशासन इस शिकायत पर क्या कदम उठाता है और वार्ड के निवासियों को सफाई एवं स्ट्रीट लाइट जैसी बुनियादी सुविधाओं का लाभ कब तक मिल पाता है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !