राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान के लिए आवेदन 11 अगस्त तक
प्रदेशभर से 66 शिक्षक राज्य और 123 शिक्षक जिला स्तर पर होंगे सम्मानित
बीकानेर, 9 अगस्त। शिक्षा विभाग की ओर से उत्कृष्ट शिक्षण कार्य करने वाले शिक्षकों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से जिला एवं राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान समारोह-2026 आयोजित किया जाएगा। सम्मान के लिए पात्र शिक्षक शाला दर्पण पोर्टल के माध्यम से 11 अगस्त की मध्यरात्रि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकेंगे। राज्य स्तरीय सम्मान समारोह 5 सितंबर को शिक्षक दिवस के अवसर पर आयोजित होगा।राज्य स्तर पर कक्षा वर्ग के अनुसार तीन श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। इनमें कक्षा 1 से 5, कक्षा 6 से 8 तथा कक्षा 9 से 12 तक के शिक्षक शामिल होंगे। समेकित मेरिट के आधार पर प्रत्येक वर्ग से 22 शिक्षकों का चयन किया जाएगा। इस प्रकार प्रदेशभर से कुल 66 शिक्षक राज्य स्तरीय सम्मान के लिए चुने जाएंगे।
जिला स्तर पर प्रत्येक जिले से तीनों कक्षा वर्गों में एक-एक शिक्षक का चयन किया जाएगा। प्रदेश के 41 जिलों से कुल 123 शिक्षकों को जिला स्तरीय शिक्षक सम्मान प्रदान किया जाएगा।
पांच वर्ष का नियमित अध्यापन अनुभव जरूरी
सम्मान के लिए आवेदन करने वाले शिक्षक के पास कम से कम पांच वर्ष का नियमित अध्यापन अनुभव होना आवश्यक है। चयन प्रक्रिया में 25 प्रतिशत से कम अंक प्राप्त करने वाले शिक्षक जिला अथवा राज्य स्तर के सम्मान के लिए पात्र नहीं होंगे।
राज्य स्तर पर चयनित शिक्षकों को 21 हजार रुपए की पुरस्कार राशि एवं प्रमाण-पत्र प्रदान किया जाएगा। वहीं जिला स्तर पर सम्मानित होने वाले शिक्षकों को 11 हजार रुपए की पुरस्कार राशि के साथ प्रमाण-पत्र दिया जाएगा। चयन प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने तथा सभी श्रेणियों के पात्र शिक्षकों को समान अवसर देने के लिए आवेदन और चयन की प्रक्रिया ऑनलाइन रखी गई है।