बार काउंसिल चुनाव 2026: कमल नारायण पुरोहित का बड़ा वादा, हर जिले में बनेंगे ‘एडवोकेट भवन’

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

बार काउंसिल चुनाव 2026: कमल नारायण पुरोहित का बड़ा वादा, हर जिले में बनेंगे ‘एडवोकेट भवन’

मरु समीक्षा न्यूज़ राजस्थान,बीकानेर, 20 अप्रैल 2026। राजस्थान बार काउंसिल के आगामी चुनावों को लेकर गतिविधियां तेज हो चुकी हैं। इसी कड़ी में बीकानेर बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और वरिष्ठ अधिवक्ता कमल नारायण पुरोहित ने प्रदेशभर के वकीलों के लिए कई अहम घोषणाएं कर चुनावी माहौल को गरमा दिया है।
एक प्रेस वार्ता के दौरान पुरोहित ने कहा कि यदि अधिवक्ता उन्हें प्रथम वरीयता का मत देकर चुनते हैं, तो उनकी सबसे बड़ी प्राथमिकता राजस्थान के प्रत्येक जिले में आवश्यकता के अनुसार ‘एडवोकेट भवन’ का निर्माण करवाना होगी। उनका मानना है कि इससे अधिवक्ताओं को बेहतर कार्यस्थल और सुविधाएं मिलेंगी।
पारदर्शिता और सुधार पर फोकस
पुरोहित ने बार काउंसिल की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता लाने पर जोर देते हुए कहा कि चुनाव समय पर करवाना और संस्था की विश्वसनीयता बनाए रखना जरूरी है। उन्होंने ‘वेलफेयर एक्ट’ में आयु सीमा को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उनके अनुसार, वर्तमान आयु सीमा को 50 वर्ष से घटाकर फिर से 40 वर्ष करने के लिए वे संशोधन का प्रयास करेंगे। इसके साथ ही वेलफेयर टिकट से होने वाली आय के अनुपात में अधिवक्ताओं को मिलने वाले लाभ बढ़ाने की बात भी कही।
युवा अधिवक्ताओं के लिए विशेष पहल
वर्ष 1998 से वकालत कर रहे पुरोहित ने अपने शुरुआती अनुभव साझा करते हुए कहा कि वे नए वकीलों के संघर्ष को अच्छी तरह समझते हैं। उन्होंने राज्य स्तर पर विशेष सेमिनार आयोजित करने की घोषणा की, जहां वरिष्ठ अधिवक्ता अपने अनुभव साझा कर युवा साथियों का मार्गदर्शन करेंगे।
उपलब्धियों के आधार पर मांग रहे समर्थन
अपने पिछले कार्यकाल (2016 और 2021) की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए पुरोहित ने बताया कि बीकानेर बार में उन्होंने करोड़ों रुपए के विकास कार्य करवाए, महिला कॉमन रूम की स्थापना, 48 नए चैम्बर्स की स्वीकृति और एडवोकेट कॉलोनी जैसे महत्वपूर्ण कार्य पूरे किए।
उन्होंने विश्वास जताया कि बीकानेर की तरह ही प्रदेशभर के अधिवक्ता उनके कार्यों पर भरोसा जताते हुए उन्हें सेवा का अवसर देंगे।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !