दीपावली से पहले बाजारों में प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क पर रखा सामान जब्त
दीपावली से पहले बाजारों में प्रशासन का अतिक्रमण हटाओ अभियान, सड़क पर रखा सामान जब्त
बीकानेर। दीपावली के त्योहार को देखते हुए शहर के प्रमुख बाजारों में बढ़ती भीड़ और यातायात जाम की समस्या से निपटने के लिए प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। रविवार को यातायात पुलिस, कोटगेट एवं कोतवाली थाना पुलिस तथा नगर निगम के सतर्कता दल ने संयुक्त अभियान चलाकर बाजारों से अस्थायी अतिक्रमण हटवाए और सड़क पर रखा सामान जब्त किया।
टीआई कानाराम ने बताया कि त्योहार के सीजन में आमजन और राहगीरों को सुगम आवागमन उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से विशेष सुरक्षा एवं मार्ग व्यवस्था लागू की गई है। अभियान के तहत केईएम रोड, फड़ बाजार, फेरोजी गली, निर्माण भवन, कोटगेट, दाऊजी रोड, सट्टा बाजार गली और स्टेशन रोड सहित प्रमुख बाजारों में कार्रवाई की गई।
अभियान के दौरान कई दुकानदारों द्वारा सड़क और फुटपाथ तक सामान फैलाकर रखने तथा दुकानों के आगे टेंट और पर्दे लगाकर रास्ता बाधित करने पर कार्रवाई की गई। मौके पर ही अतिक्रमण हटवाकर सामान जब्त किया गया। फुटपाथ पर कब्जा कर सामान बेचने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई।
इसके साथ ही स्टेशन रोड, फड़ बाजार और कोटगेट क्षेत्र में अव्यवस्थित एवं नो-पार्किंग जोन में खड़े टैक्सियों तथा अन्य वाहनों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट के तहत चालान बनाए गए और वाहनों को हटवाया गया।
अधिकारियों ने दुकानदारों और वाहन चालकों को सख्त हिदायत दी कि दुकानों के आगे सामान रखकर रास्ता अवरुद्ध न करें और नो-पार्किंग जोन में वाहन खड़े न करें। प्रशासन ने चेतावनी दी कि दोबारा अतिक्रमण करने पर सामान जब्त करने के साथ नियमानुसार कानूनी कार्रवाई भी की जाएगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई का उद्देश्य दीपावली के दौरान बाजारों में खरीदारी के लिए आने वाले लोगों को जाम से राहत दिलाना और यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखना है।
