निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस में फूटा ‘कलह’ का घड़ा, 5 नेताओं का सामूहिक इस्तीफा*
*निकाय चुनाव से पहले कांग्रेस में फूटा ‘कलह’ का घड़ा, 5 नेताओं का सामूहिक इस्तीफा*
बीकानेर। प्रदेश में निकाय चुनाव की सरगर्मियों तेज होने के साथ ही कांग्रेस में आपसी कलह का घड़ा फूटने लगा है। हाल ही में पार्टी के प्रदेश नेतृत्व के बयान को लेकर भी काफी विवाद हुआ था। उनके बयान को पूर्व मुख्यमंत्री को ललकारने जैसे आरोप लगे थे। अब कांग्रेस के अल्पसंख्यक विभाग में भी बड़ी फूट सामने आई है। आपसी खींचतान इतनी बढ़ गई कि अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एमडी चौपदार और अन्य पदाधिकारी आमने-सामने हो गए हैं। प्रदेश स्तर के पांच पदाधिकारियों ने अपने अपने पदों से इस्तीफा भी दे दिया।
राजनीतिक सूत्रों के मुताबिक प्रदेश कांग्रेस अल्पसंख्यक विभाग के 5 प्रदेश पदाधिकारियों हाजी मोहम्मद इकबाल काजी (प्रदेश महासचिव एवं उदयपुर देहात जिला प्रभारी), सोनू खां कायमखानी (प्रदेश सचिव एवं पाली जिला प्रभारी), मोहम्मद मुनीर लोहार (प्रदेश सचिव एवं सह प्रभारी अजमेर ग्रामीण), आरिफ मोहम्मद बिसायती (प्रदेश कोऑर्डिनेटर एवं सह प्रभारी प्रतापगढ़) और फारूक मोहम्मद मंसूरी (प्रदेश कोऑर्डिनेटर एवं सह प्रभारी अजमेर शहर) ने अपने अपने पदों से इस्तीफा दे दिया है।
सामूहिक इस्तीफा देने वाले पदाधिकारियों का आरोप है कि अल्पसंख्यक विभाग के प्रदेशाध्यक्ष एमडी चोपदार संगठन में प्रोटोकॉल की पालना नहीं कर रहे हैं। विभाग के अन्य अहम पदों पर बैठे पदाधिकारियों को चोपदार कोई तवज्जो नहीं देते हैं।
