बीकानेर निकाय चुनाव: भाजपा में टिकट को लेकर बढ़ी हलचल, तीसरे मोर्चे की भी तैयारी!

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

बीकानेर निकाय चुनाव: भाजपा में टिकट को लेकर बढ़ी हलचल, तीसरे मोर्चे की भी तैयारी!

बीकानेर। नगरीय निकाय चुनाव की आहट के साथ ही बीकानेर की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। राजनीतिक सूत्रों के अनुसार, भाजपा में पार्षद टिकटों को लेकर अंदरूनी खींचतान के संकेत मिलने लगे हैं। चर्चा है कि केंद्रीय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल और बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास के समर्थकों के बीच अधिक से अधिक पार्षद टिकट हासिल करने की होड़ देखने को मिल सकती है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि दोनों ही नेता अपने-अपने समर्थकों को जिताकर महापौर पद की दौड़ में बढ़त बनाने का प्रयास करेंगे।
सूत्रों के अनुसार, भाजपा में टिकट वितरण को लेकर घमासान की स्थिति बन सकती है और इसके संकेत अभी से दिखाई देने लगे हैं। अंदरूनी चर्चाओं में यह भी सामने आ रहा है कि केंद्रीय मंत्री के पुत्र रविशेखर, भाजपा जिलाध्यक्ष सुमन छाजेड़ तथा विधायक जेठानंद व्यास के पास पार्षद चुनाव लड़ने के इच्छुक दावेदारों की सूची पहुंचनी शुरू हो गई है।
वहीं, कांग्रेस ने भी निकाय चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। बताया जा रहा है कि पार्टी वार्ड स्तर पर फीडबैक लेकर जीताऊ उम्मीदवारों की तलाश में जुटी हुई है और स्थानीय कार्यकर्ताओं व नागरिकों से चर्चा कर रही है।
राजनीतिक गलियारों में यह भी चर्चा है कि यदि भाजपा और कांग्रेस दोनों में टिकट वितरण के बाद असंतोष बढ़ता है, तो बड़ी संख्या में नाराज कार्यकर्ता निर्दलीय मैदान में उतर सकते हैं।
इसी बीच, बीकानेर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र से पूर्व में निर्दलीय चुनाव लड़ चुके समाजसेवी दिलीप जोशी भी संभावित निर्दलीय उम्मीदवारों के समर्थन की रणनीति तैयार कर रहे हैं। सूत्रों का कहना है कि वे फिलहाल वार्डों के आरक्षण और टिकट वितरण की प्रक्रिया का इंतजार कर रहे हैं। यदि दोनों प्रमुख दलों में बगावत के हालात बनते हैं, तो वे तीसरे मोर्चे के गठन की दिशा में सक्रिय भूमिका निभाते हुए वार्ड-वार्ड जाकर संभावित प्रत्याशियों से संपर्क साध सकते हैं।
हालांकि, टिकट वितरण और चुनावी समीकरणों को लेकर अभी तक किसी भी राजनीतिक दल की ओर से आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है। फिलहाल अधिकांश चर्चाएं राजनीतिक सूत्रों और अंदरूनी कयासों पर आधारित हैं।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !