बीकानेर में अमृत 2.0 योजना के तहत गोगागेट क्षेत्र में सीवर लाइन कार्य की मांग
बीकानेर में अमृत 2.0 योजना के तहत गोगागेट क्षेत्र में सीवर लाइन कार्य की मांग
बीकानेर। शहर में चल रही अमृत 2.0 सीवरेज योजना के अंतर्गत विभिन्न क्षेत्रों में सीवर लाइन बिछाने का कार्य जारी है, लेकिन गोगागेट क्षेत्र स्थित धारणिया मोटर के सामने वाली गली में अभी तक कार्य शुरू नहीं होने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है।
क्षेत्रवासियों का कहना है कि इस गली में शिव मंदिर, आडूपीर दरगाह सहित अनेक मकान स्थित हैं, जहां बड़ी संख्या में लोगों का आवागमन रहता है। इसके बावजूद अब तक यहां सीवर लाइन कार्य के लिए सर्वे तक नहीं किया गया है।
स्थानीय नागरिकों ने बताया कि क्षेत्र में लंबे समय से सीवरेज व्यवस्था की आवश्यकता महसूस की जा रही है। बरसात और गंदे पानी की निकासी की समस्या के कारण लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ता है। लोगों ने प्रशासन और संबंधित विभाग से मांग की है कि अमृत 2.0 योजना के अंतर्गत इस क्षेत्र को प्राथमिकता देते हुए शीघ्र सर्वे करवाकर सीवर लाइन का कार्य शुरू किया जाए।
क्षेत्रवासियों ने कहा कि यदि समय रहते कार्य शुरू नहीं किया गया तो भविष्य में समस्या और गंभीर हो सकती है।
