बीकानेर में ट्रांसफार्मरों के नीचे बने अवैध खोखे हटाने की उठी मांग, प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील*
मरु समीक्षा न्यूज़ राजस्थान
बीकानेर में ट्रांसफार्मरों के नीचे बने अवैध खोखे हटाने की उठी मांग, प्रशासन से शीघ्र कार्रवाई की अपील
बीकानेर। शहर में हाल ही में करंट लगने से हुई दुर्घटनाओं के बाद विद्युत सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है। शहर के अनेक क्षेत्रों में बिजली के ट्रांसफार्मरों के नीचे और आसपास अतिक्रमण कर खोखे व अस्थायी दुकानें संचालित की जा रही हैं, जिन्हें गंभीर सुरक्षा जोखिम माना जा रहा है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि ट्रांसफार्मरों के पास दुकानें लगने से किसी भी समय करंट फैलने, शॉर्ट सर्किट या आग लगने जैसी दुर्घटनाएं हो सकती हैं। ऐसे में दुकानदारों के साथ-साथ आम नागरिकों की जान भी खतरे में पड़ सकती है।
शहरवासियों ने जिला प्रशासन, नगर निगम और विद्युत विभाग से मांग की है कि ट्रांसफार्मरों के नीचे एवं आसपास किए गए सभी अवैध कब्जों और खोखों को शीघ्र हटाया जाए तथा सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन कराया जाए। उनका कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना का इंतजार करने के बजाय समय रहते कार्रवाई करना जनहित में आवश्यक है।
लोगों का मानना है कि विद्युत ट्रांसफार्मरों के आसपास निर्धारित सुरक्षा क्षेत्र को पूरी तरह खाली रखा जाए और भविष्य में भी वहां किसी प्रकार का अतिक्रमण न होने दिया जाए, ताकि जनहानि की आशंका को कम किया जा सके
