खारा रोड स्थित गोदाम पर खाद्य सुरक्षा विभाग की कार्रवाई, एनर्जी ड्रिंक के 28,278 कैन/बॉटल सीज

khirajaram siyag

Written by

khirajaram siyag

बीकानेर। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि नियंत्रण आयुक्त डॉ. टी. शुभमंगला के निर्देशन में जिले के खाद्य सुरक्षा अधिकारियों द्वारा खारा रोड स्थित वरुण बेवरेजेस लिमिटेड के गोदाम पर निरीक्षण एवं नमूनीकरण की कार्रवाई की गई।

अभिहित अधिकारी एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. पुखराज साध ने बताया कि खाद्य सुरक्षा अधिकारियों की टीम ने कैफीनयुक्त पेय स्टिंग एनर्जी तथा एड्रीनलीन रश एनर्जी ड्रिंक के तीन नमूने एफएसएसएआई एक्ट के तहत लिए। साथ ही 28,278 बॉटल/कैन को सीज किया गया।

फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार कैफीनयुक्त पेय पदार्थों के लेबल पर “स्टिमुलेट्स माइंड”, “एनर्जाइज बॉडी”, “एनर्जी ड्रिंक”, “स्पोर्ट्स ड्रिंक” आदि उल्लेख करना भ्रामक प्रचार की श्रेणी में आता है। गौरतलब है कि एफएसएसएआई द्वारा नामी बेवरेज ब्रांडों को इस संबंध में नोटिस जारी कर जवाब मांगा गया है।

अधिकारियों के अनुसार अधिक कैफीनयुक्त पेय गर्भवती महिलाओं, स्तनपान कराने वाली माताओं और बच्चों के लिए नुकसानदायक हो सकते हैं। लिए गए नमूनों को जांच के लिए जन स्वास्थ्य प्रयोगशाला बीकानेर भिजवाया जाएगा। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।

यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री भानु प्रताप सिंह, श्री सुरेंद्र कुमार और श्री राकेश गोदारा द्वारा की गई।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !