ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

ऑनलाइन गेमिंग के नाम पर करोड़ों की ठगी का खुलासा, पांच आरोपी गिरफ्तार

जयपुर। भांकरोटा इलाके में पुलिस ने साइबर ठगी के एक बड़े नेटवर्क का पर्दाफाश करते हुए ऑनलाइन गेमिंग की आड़ में ठगी करने वाले गिरोह के पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार गिरोह ने करीब एक करोड़ रुपए की ठगी करना कबूल किया है। वहीं, एक पीड़ित से ही 2.50 लाख रुपए की ठगी सामने आई है। आरोपियों के बैंक ट्रांजेक्शन की जांच में करोड़ों रुपए की ठगी के अन्य इनपुट भी मिले हैं।
पुलिस ने साइबर सेल की मदद से आरोपियों के ठिकानों पर कार्रवाई करते हुए 1.50 लाख रुपए नकद, 16 मोबाइल फोन, एक टैबलेट, एक लैपटॉप, 10 सिम कार्ड, 24 एटीएम कार्ड, 6 चेकबुक और 3 बैंक पासबुक बरामद की हैं। इसके अलावा करीब ढाई लाख रुपए की राशि का भरा हुआ चेक भी मिला है।
पुलिस जांच में सामने आया कि गिरोह ऑनलाइन गेमिंग ऐप के जरिए लोगों को मोटे मुनाफे का झांसा देता था। व्हाट्सऐप और ऐप के माध्यम से गेमिंग आईडी बनाकर शुरुआत में करीब 500 रुपए लिए जाते थे। इसके बाद अधिक मुनाफे का लालच देकर पीड़ितों से बड़ी रकम निवेश करवाई जाती और रकम मिलते ही मोबाइल नंबर व संपर्क को ब्लॉक कर दिया जाता था।
साइबर हेल्पलाइन 1930 पर दर्ज शिकायतों के आधार पर पुलिस टीम ने मोबाइल और बैंक खातों की पड़ताल की। जांच के दौरान भांकरोटा स्थित कृष्णा सनराइज अपार्टमेंट के फ्लैट नंबर 205 पर दबिश देकर आरोपियों को पकड़ा गया।
पुलिस ने रमेश कुमार, पुष्पराम निवासी सेड़वा-बाड़मेर, नैणाराम निवासी जोधपुर, कृष्ण कुमार तथा प्रवीण कुमार निवासी धोरीमन्ना-बालोतरा को गिरफ्तार किया है। पुलिस अब आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों और करोड़ों रुपए के लेनदेन का पता लगाने में जुटी है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !