बीकानेर प्रेस क्लब की पहल: पत्रकारों और उनके परिवारों के लिए निशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित

khirajaram siyag

Written by

khirajaram siyag

60 से अधिक पत्रकारों एवं परिजनों का हुआ स्वास्थ्य परीक्षण, विशेषज्ञ चिकित्सकों ने दिए स्वास्थ्य संबंधी सुझाव



बीकानेर, 19 जून। पत्रकारों के स्वास्थ्य एवं कल्याण को ध्यान में रखते हुए बीकानेर प्रेस क्लब के तत्वावधान में शुक्रवार को राजकीय जिला अस्पताल (सैटेलाइट) में निशुल्क स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया गया। सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक चले इस शिविर में 60 से अधिक पत्रकारों एवं उनके परिवारजनों ने स्वास्थ्य परीक्षण करवाकर लाभ उठाया।
बीकानेर प्रेस क्लब अध्यक्ष कुशाल सिंह मेड़तिया ने बताया कि पत्रकार अपने व्यस्त कार्यकाल के कारण अक्सर स्वास्थ्य की अनदेखी कर देते हैं। इसी को ध्यान में रखते हुए प्रेस क्लब द्वारा पत्रकारों तथा उनके परिवारजनों के लिए यह विशेष स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया, ताकि स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की समय रहते पहचान कर उचित उपचार प्राप्त किया जा सके।
शिविर में ईसीजी, हीमोग्लोबिन, सीबीसी (कम्प्लीट ब्लड काउंट), ईएसआर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, क्रीएटिनिन, बिलीरुबिन, प्रोटीन, एल्ब्यूमिन, कैल्शियम, यूरिक एसिड तथा ब्लड ग्रुप सहित अनेक महत्वपूर्ण जांचें निशुल्क की गईं। जांच के उपरांत विशेषज्ञ चिकित्सकों ने प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक परामर्श एवं मार्गदर्शन भी प्रदान किया।
शिविर के सफल आयोजन में सरदार पटेल मेडिकल कॉलेज एवं स्वास्थ्य विभाग की टीम का विशेष सहयोग रहा। इस अवसर पर मेडिकल कॉलेज के प्राचार्य डॉ. सुरेंद्र वर्मा, पीएमओ डॉ. सुनील हर्ष, संजय खत्री, डॉ. प्रतीक सहित नर्सिंग स्टाफ के रवि कुमार, सचिन स्वामी, सुमन आचार्य एवं आलोक व्यास उपस्थित रहे। उन्होंने शिविर की व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया तथा प्रतिभागियों को स्वास्थ्य संबंधी आवश्यक जानकारी दी।
प्रेस क्लब के कोषाध्यक्ष गिरिराज भादाणी ने बताया कि शिविर में बड़ी संख्या में पत्रकारों ने भाग लेकर स्वास्थ्य परीक्षण करवाया तथा प्रेस क्लब की इस पहल की सराहना की। उपस्थित पत्रकारों ने कहा कि ऐसे स्वास्थ्य शिविर समय-समय पर आयोजित होते रहने चाहिए, जिससे मीडिया कर्मियों एवं उनके परिवारों को स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।
बीकानेर प्रेस क्लब की इस पहल को पत्रकारों के स्वास्थ्य संरक्षण और स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने की दिशा में एक सार्थक प्रयास माना जा रहा है। इस आयोजन ने पत्रकार समुदाय में स्वास्थ्य के प्रति सजगता और सकारात्मक संदेश का संचार किया है।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !