नगर निगम चुनाव और रामदेवरा पैदल यात्रियों की रवानगी एक ही दिन, सोशल मीडिया पर उठे सवाल
नगर निगम चुनाव और रामदेवरा पैदल यात्रियों की रवानगी एक ही दिन, सोशल मीडिया पर उठे सवाल
बीकानेर। रामदेवरा जाने वाले पैदल जातरुओं की रवानगी और प्रदेश में होने वाले नगर निगम चुनावों की तारीखों को लेकर चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। बीकानेर के शहरी क्षेत्र से भी हर वर्ष की तरह इस बार हजारों की संख्या में श्रद्धालुओं के पैदल जत्थे रामदेवरा के लिए रवाना होने की संभावना है।
राज्य निर्वाचन आयोग के कार्यक्रम के अनुसार प्रथम चरण में भीलवाड़ा, भरतपुर, अलवर और पाली नगर निगम में 9 सितंबर को मतदान होना है। वहीं जयपुर, अजमेर, बीकानेर, जोधपुर, कोटा और उदयपुर नगर निगमों में 11 सितंबर को मतदान निर्धारित बताया जा रहा है।
खास बात यह है कि 11 सितंबर को अमावस्या का दिन भी है। अमावस्या के अवसर पर बीकानेर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पैदल जातरू रामदेवरा की ओर रवाना होते हैं। ऐसे में चुनाव और पैदल यात्राओं की तारीख एक होने से प्रशासन के सामने कानून-व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और मतदान व्यवस्था को लेकर अतिरिक्त चुनौती पैदा हो सकती है।
इसको लेकर सोशल मीडिया पर भी चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब चुनाव कार्यक्रम तय किया गया तो रामदेवरा पैदल यात्रा के दौरान होने वाली भारी आवाजाही को ध्यान में क्यों नहीं रखा गया। हालांकि, चुनाव आयोग और प्रशासन की ओर से इस संबंध में क्या व्यवस्था की जाएगी, यह आने वाले दिनों में स्पष्ट होगा।
अब देखना यह है कि सरकार और प्रशासन पैदल जातरुओं की सुविधा, सुरक्षा तथा मतदान प्रक्रिया—तीनों के बीच किस प्रकार समन्वय स्थापित करते हैं।
