OTP और डिलीवरी एंट्री के बिना नहीं मिलेगी LPG की डिलीवरी, सरकार सख्तजयपुर
OTP और डिलीवरी एंट्री के बिना नहीं मिलेगी LPG की डिलीवरी, सरकार सख्त
जयपुर, । प्रदेश में एलपीजी गैस के डायवर्जन और कालाबाजारी की शिकायतों को देखते हुए खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति विभाग ने सख्ती शुरू कर दी है। अब ओटीपी और डिलीवरी ऐप में एंट्री के बिना गैस सिलेंडर की डिलीवरी नहीं की जाएगी।
विभाग के अनुसार गैस एजेंसियों को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि उपभोक्ता को सिलेंडर देने से पहले ओटीपी सत्यापन और डिलीवरी की ऑनलाइन एंट्री अनिवार्य रूप से की जाए। ऐसा नहीं करने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री ने दावा किया है कि प्रदेश में एलपीजी की सप्लाई पूरी तरह नियंत्रण में है और बुकिंग के 3–4 दिन के भीतर उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर उपलब्ध कराया जा रहा है। साथ ही अस्पतालों, शैक्षणिक संस्थानों, अन्नपूर्णा रसोई और धार्मिक स्थलों को भी गैस की निर्बाध आपूर्ति सुनिश्चित की जा रही है।
मंत्री ने बताया कि कालाबाजारी, अवैध भंडारण और गैस डायवर्जन पर रोक लगाने के लिए राज्य और जिला स्तर की निगरानी समितियां लगातार कार्रवाई कर रही हैं। गैस कंपनियों के फील्ड अधिकारियों को भी नियमित रूप से गैस एजेंसियों का औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए हैं।
इसके साथ ही निरीक्षण के दौरान जियो टैगिंग के माध्यम से रिपोर्ट विभाग को भेजना भी अनिवार्य किया गया है, ताकि किसी भी तरह की गड़बड़ी पर तुरंत कार्रवाई की जा सके।