28 जून को पीबीएम हेल्प कमेटी करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस, अस्पताल की दुर्दशा के लिए कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

28 जून को पीबीएम हेल्प कमेटी करेगी प्रेस कॉन्फ्रेंस, अस्पताल की दुर्दशा के लिए कांग्रेस को ठहराया जिम्मेदार

बीकानेर। पीबीएम हेल्प कमेटी के अध्यक्ष सुरेंद्र सिंह राजपुरोहित ने आरोप लगाया है कि पीबीएम अस्पताल की वर्तमान स्थिति वर्षों की अनदेखी, मनमानी और भ्रष्टाचार का परिणाम है। उन्होंने कहा कि कमेटी का उद्देश्य किसी राजनीतिक दल का समर्थन या विरोध नहीं, बल्कि अस्पताल व्यवस्था में सुधार करवाना है।
राजपुरोहित ने दावा किया कि कांग्रेस सरकार के कार्यकाल में पीबीएम अस्पताल में व्याप्त अव्यवस्थाओं, कथित भ्रष्टाचार, ठेकों में अनियमितताओं और मरीजों की समस्याओं को लेकर तत्कालीन मुख्यमंत्री, मंत्रियों और वरिष्ठ नेताओं को कई बार ज्ञापन एवं दस्तावेज सौंपे गए थे। उनका आरोप है कि यदि उस समय प्रभावी कार्रवाई की जाती तो आज अस्पताल की यह स्थिति नहीं होती।
उन्होंने वर्तमान भाजपा सरकार पर भी निशाना साधते हुए कहा कि अस्पताल प्रशासन और व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हो रहा है तथा सरकार को अस्पताल की कार्यप्रणाली की नियमित निगरानी करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि मरीजों और उनके परिजनों की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
राजपुरोहित ने घोषणा की कि 28 जून को पीबीएम हेल्प कमेटी प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित करेगी। इसमें कमेटी कांग्रेस सरकार के कार्यकाल के दौरान अस्पताल सुधार के लिए दिए गए ज्ञापनों, पत्रों और उठाए गए मुद्दों की जानकारी सार्वजनिक करेगी। उन्होंने कहा कि कांग्रेस द्वारा प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन से पहले जनता के सामने यह रखा जाएगा कि कमेटी ने किन-किन तारीखों पर किन अधिकारियों और मंत्रियों को अस्पताल सुधार के लिए अवगत कराया था।
उन्होंने कहा कि पीबीएम अस्पताल में सुधार के लिए सभी राजनीतिक दलों और प्रशासन को मिलकर काम करना चाहिए, ताकि गरीब और जरूरतमंद मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिल सकें।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !