जयपुर नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज, 19 सितंबर को महापौर चुनाव प्रस्तावित
जयपुर नगर निगम चुनाव की तैयारियां तेज, 19 सितंबर को महापौर चुनाव प्रस्तावित
वासुदेव व्यास
जयपुर, 22 जुलाई। करीब आठ माह से महापौर विहीन चल रहे जयपुर नगर निगम में एक बार फिर चुनावी सरगर्मियां तेज हो गई हैं। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा हाईकोर्ट में संभावित चुनाव कार्यक्रम प्रस्तुत किचए जाने के बाद अब 19 सितंबर को महापौर और 20 सितंबर को उप महापौर का चुनाव प्रस्तावित है।
राज्य सरकार द्वारा ग्रेटर और हेरिटेज नगर निगमों का पुनः एकीकरण कर एक संयुक्त जयपुर नगर निगम बनाए जाने से इस बार चुनावी गणित पूरी तरह बदल गया है। पहले जहां दोनों निगमों में कुल 250 वार्ड थे, वहीं अब एकीकृत निगम में 150 वार्ड होंगे। इससे कई पुराने वार्ड समाप्त हो गए हैं और प्रत्याशियों को नए वार्डों में अपनी राजनीतिक जमीन तलाशनी होगी।
नई व्यवस्था के तहत नगर निगम का दायरा बढ़कर लगभग 787.60 वर्ग किलोमीटर हो गया है। निगम को 13 जोन और 10 विधानसभा क्षेत्रों में विभाजित किया गया है। सबसे अधिक 22 वार्ड विद्याधर नगर–मुरलीपुरा जोन में हैं, जबकि किशनपोल जोन में सबसे कम 12 वार्ड रखे गए हैं।
एकीकृत जयपुर नगर निगम में अब 15 लाख से अधिक घर और लगभग 48 लाख आबादी शामिल होगी। सबसे अधिक आबादी हवामहल जोन में तथा सबसे कम किशनपोल जोन में बताई गई है।
नगर निगम के एकीकरण के बाद महापौर पद की राजनीतिक अहमियत भी बढ़ गई है। भाजपा, कांग्रेस सहित अन्य राजनीतिक दलों ने संभावित उम्मीदवारों की तलाश और चुनावी रणनीति पर काम तेज कर दिया है। नई वार्ड सीमाओं और बदले समीकरणों के कारण इस बार का चुनाव बेहद रोचक और प्रतिस्पर्धी रहने की संभावना है।
