किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ तहसील छतरगढ़ की बैठक, उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन — रघुवीर शर्मा

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

किसानों की समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ तहसील छतरगढ़ की बैठक, उपखण्ड अधिकारी को सौंपा ज्ञापन
रघुवीर शर्मा, मरू समीक्षा न्यूज़, राजस्थान
छतरगढ़। क्षेत्र के किसानों की ज्वलंत समस्याओं को लेकर भारतीय किसान संघ तहसील छतरगढ़ की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर खेती-किसानी से जुड़ी गंभीर समस्याओं पर चर्चा की और प्रशासन से शीघ्र समाधान की मांग उठाई।
बैठक में किसानों ने सिंचाई पानी की भारी कमी, कृषि बिजली आपूर्ति में अनियमितता, फसल बीमा क्लेम में हो रही देरी, समर्थन मूल्य पर फसल खरीद में आ रही बाधाओं तथा जर्जर ग्रामीण सड़कों की समस्या प्रमुख रूप से रखी। किसानों का कहना था कि समय पर नहरों में पानी नहीं छोड़े जाने और बिजली कटौती के कारण रबी फसलों को नुकसान उठाना पड़ रहा है। वहीं, फसल बीमा का क्लेम समय पर नहीं मिलने से किसान आर्थिक संकट से जूझ रहे हैं।
किसानों ने आरोप लगाया कि समर्थन मूल्य पर खरीद प्रक्रिया पारदर्शी और समयबद्ध नहीं होने से उन्हें औने-पौने दाम पर फसल बेचने को मजबूर होना पड़ रहा है। ग्रामीण क्षेत्रों की खराब सड़कों के कारण मंडियों तक उपज पहुंचाने में भी कठिनाई हो रही है।
बैठक के बाद संघ पदाधिकारियों और किसानों ने उपखण्ड अधिकारी छतरगढ़ को ज्ञापन सौंपकर मांग की कि—
नहरों में नियमित व पर्याप्त सिंचाई पानी छोड़ा जाए।
कृषि कनेक्शनों पर निर्बाध एवं तय समयानुसार बिजली आपूर्ति सुनिश्चित की जाए।
लंबित फसल बीमा क्लेम का शीघ्र भुगतान कराया जाए।
समर्थन मूल्य पर पारदर्शी व समयबद्ध खरीद व्यवस्था लागू की जाए।
जर्जर ग्रामीण सड़कों की तत्काल मरम्मत करवाई जाए।
संघ पदाधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो भारतीय किसान संघ चरणबद्ध आंदोलन शुरू करेगा, जिसकी संपूर्ण जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।
बैठक में तहसील स्तर के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे। अंत में किसानों ने एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए संघर्ष जारी रखने का संकल्प लिया। इस अवसर पर संगठन मन्त्री हीराराम, रामावतार शर्मा, पूर्ण चंद बब्बर, डूंगरमल उपाध्याय, राम सिंह,खियाराम ओंकारमल व अन्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे!

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !