सात दिवसीय निःशुल्क बाल योग समर कैंप का शुभारंभ आज
बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए होगा योग प्रशिक्षण, अभिभावक व वरिष्ठजन भी ले सकेंगे लाभ
श्रीडूंगरगढ़, 16 जून। महापुरुष समारोह समिति श्रीडूंगरगढ़ के तत्वावधान में ग्रीष्मकालीन अवकाश के दौरान बच्चों के लिए आयोजित सात दिवसीय निःशुल्क बाल योग समर कैंप का शुभारंभ मंगलवार प्रातः 6 बजे बाहेती भवन में होगा। यह शिविर 16 जून से 22 जून तक प्रतिदिन प्रातः 6 बजे से 7:30 बजे तक बाहेती भवन, माताजी मंदिर के पास, आड़सर बास, श्रीडूंगरगढ़ में आयोजित किया जाएगा।
समिति के मंत्री सुशील सेरड़िया ने बताया कि शिविर का उद्देश्य बच्चों को शारीरिक, मानसिक एवं भावनात्मक रूप से सशक्त बनाना, उनकी स्मरण शक्ति में वृद्धि करना, अनुशासन एवं आत्मविश्वास का विकास करना तथा स्वस्थ एवं सकारात्मक जीवनशैली के प्रति प्रेरित करना है।
संस्थाध्यक्ष गोपाल राठी ने बताया कि शिविर में अनुभवी योग प्रशिक्षकों द्वारा विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं स्वास्थ्यवर्धक गतिविधियों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। शिविर संयोजक ललित बाहेती के अनुसार योग गुरु ओमप्रकाश कालवा एवं ओम योग सेवा संस्था श्रीडूंगरगढ़ की टीम के योगाचार्य बलराम बेनीवाल, दामोदर प्रसाद बोहरा, मनीष धामा, विष्णु शर्मा, एकता शर्मा, योगानंद कालवा, योगिता कालवा, कौशल्या कलवानिया, लालचंद जाखड़ एवं रामसुख बिस्सू अपनी सेवाएं देंगे।
सह संयोजक संजय करवा ने बताया कि शिविर में बच्चों के साथ-साथ अभिभावक, वरिष्ठ नागरिक एवं रोगीजन भी भाग लेकर योग का लाभ प्राप्त कर सकते हैं।