नागालैंड पासिंग बसों पर राजस्थान में सख्ती, एक माह तक चलेगा विशेष अभियान
नागालैंड पासिंग बसों पर राजस्थान में सख्ती, एक माह तक चलेगा विशेष अभियान
जयपुर। राजस्थान में नागालैंड सहित अन्य राज्यों में पंजीकृत बसों के संचालन को लेकर उठे सवालों के बाद अब प्रशासन ने सख्ती शुरू कर दी है। राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण (रालसा) के निर्देश पर प्रदेशभर में एक माह का विशेष अभियान चलाकर बसों की औचक जांच की जाएगी।
जानकारी के अनुसार, प्रदेश में लंबे समय से नागालैंड पासिंग तथा अन्य राज्यों में पंजीकृत कई बसों के अवैध संचालन की शिकायतें सामने आ रही थीं। सड़क हादसों और प्रशासनिक ढिलाई को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे थे। इस संबंध में एसओजी में मामला दर्ज होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं होने पर न्यायिक अधिकारियों ने भी चिंता जताई।
रालसा के सदस्य सचिव (न्यायिक) नवीन रालसा के निर्देशन में मंगलवार से अभियान शुरू किया गया है। अभियान के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरणों के अधिकारी स्वयं मैदान में उतरकर बसों का औचक निरीक्षण करेंगे। दस्तावेजों, परमिट, फिटनेस, टैक्स, बीमा तथा अन्य आवश्यक अभिलेखों की जांच की जाएगी।
अभियान के दौरान अनियमितता मिलने पर संबंधित वाहनों के विरुद्ध मौके पर ही नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। प्रशासन का कहना है कि इस विशेष अभियान का उद्देश्य अवैध रूप से संचालित बसों पर अंकुश लगाना, सड़क सुरक्षा सुनिश्चित करना तथा यात्रियों के हितों की रक्षा करना है।
