भाजपा कार्यालय में निकाय चुनावी बैठक के बीच हंगामा, अतिक्रमण कार्रवाई को लेकर विधायक पर गंभीर आरोप

vasudev vyas

Written by

vasudev vyas

भाजपा कार्यालय में निकाय चुनावी बैठक के बीच हंगामा, अतिक्रमण कार्रवाई को लेकर विधायक पर गंभीर आरोप

बीकानेर। निकाय चुनाव की तैयारियों के बीच गुरुवार को भाजपा कार्यालय में उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब उस्ताबारी निवासी राजा आचार्य अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई का विरोध दर्ज कराने पहुंचे। उस समय कार्यालय में निकाय चुनाव को लेकर बैठक चल रही थी, जिसमें जिला प्रभारी एवं प्रदेश पदाधिकारी मौजूद थे।
राजा आचार्य ने आरोप लगाया कि बीडीए की तहसीलदार आकांक्षा गोदारा ने बिना पूर्व नोटिस उनके निर्माण पर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू कर दी। उनका कहना था कि उन्हें कोई नोटिस नहीं दिया गया और न ही क्षेत्र के अन्य लोगों के खिलाफ ऐसी कार्रवाई की गई। उन्होंने इसे राजनीतिक द्वेष से प्रेरित बताते हुए भाजपा कार्यालय में धरना देने की चेतावनी दी।
मौके पर मौजूद भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बिहारी बिश्नोई ने मामले की जानकारी जिला कलक्टर निशांत जैन को दी और कार्रवाई तत्काल रोकने का आग्रह किया। बताया जा रहा है कि जिला कलक्टर के निर्देश के बाद बीडीए का दल पहली बार बिना कार्रवाई किए लौट गया।
विधायक और प्रदेश उपाध्यक्ष को लेकर चर्चाएं
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जिला कलक्टर से बिहारी बिश्नोई की बातचीत की सूचना मिलने के बाद विधायक जेठानंद व्यास ने भी कलक्टर से संपर्क किया और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई जारी रखने की बात कही। इस दौरान कथित रूप से विधायक द्वारा यह भी कहा गया कि “बिहारी कौन होते हैं उनके विधानसभा क्षेत्र में पंचायती करने वाले।” हालांकि इस कथित बयान की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
पुराने पत्र का भी आया उल्लेख
जानकारी के अनुसार विधायक जेठानंद व्यास ने 15 अप्रैल को नगर निगम आयुक्त को एक पत्र लिखकर बेणीसर बारी से उस्ताबारी जाने वाले मार्ग पर अतिक्रमण हटाने की मांग की थी। इस बीच सवाल यह भी उठे कि कार्रवाई के लिए केवल बीडीए का दल ही क्यों पहुंचा।
विधायक पर रिश्वत मांगने का आरोप
राजा आचार्य ने भाजपा पदाधिकारियों की मौजूदगी में विधायक पर पांच लाख रुपये मांगने का गंभीर आरोप लगाया। उनका दावा था कि उनसे कहा गया कि यदि पांच लाख रुपये दिए जाएं तो अतिक्रमण नहीं हटाया जाएगा। आरोपों के बाद कार्यालय में माहौल गर्मा गया और स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सदर थाना तथा बीछवाल थाना पुलिस को मौके पर पहुंचना पड़ा।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !