नशा मुक्ति और मोबाइल के दुष्प्रभाव पर कार्यशाला आयोजित

विद्यार्थियों को योग, ब्रह्मचर्य और मोबाइल का सीमित उपयोग करने का दिलाया संकल्प
बीकानेर, 22 जुलाई। आरएसवी हायर सेकेंडरी स्कूल, सेक्टर-5, जेएनवी कॉलोनी में बुधवार को श्री योग वेदांत सेवा समिति, बीकानेर की ओर से नशा मुक्ति एवं मोबाइल के दुष्प्रभाव विषय पर कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में विषय विशेषज्ञ आलोक सिंह ने विद्यार्थियों को मोबाइल फोन का सीमित उपयोग करने, ब्रह्मचर्य अपनाने तथा नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने मोबाइल के अत्यधिक उपयोग से शरीर और मस्तिष्क पर पड़ने वाले दुष्प्रभावों को वैज्ञानिक दृष्टिकोण से सरल शब्दों में समझाया।कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. रामगोपाल शर्मा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यालयों में इस प्रकार के जागरूकता कार्यक्रम समय-समय पर आयोजित किए जाने चाहिए। इससे विद्यार्थियों को स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने की प्रेरणा मिलती है।कार्यशाला के दौरान विद्यार्थियों को पंचकोष की जानकारी दी गई तथा बुद्धि और एकाग्रता बढ़ाने के लिए विभिन्न योग अभ्यासों के बारे में बताया गया। विद्यार्थियों को ब्रह्मचर्य अपनाने, नशे से दूर रहने और मोबाइल फोन का अनावश्यक उपयोग कम करने का संकल्प भी दिलाया गया।विद्यालय के प्राचार्य रविंद्र भटनागर ने अतिथियों और आयोजन समिति का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम का संचालन ऋतु शर्मा ने किया। आयोजन में आदर्श चौहान, अनिल जुनेजा और नेहा नवानी का विशेष सहयोग रहा।