शिखर अग्रवाल प्रकरण में अशोक गहलोत का सरकार पर हमला, CBI और ED जांच की मांग
शिखर अग्रवाल प्रकरण में अशोक गहलोत का सरकार पर हमला, CBI और ED जांच की मांग
जयपुर, 30 अक्टूबर। राजस्थान के पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आईएएस अधिकारी शिखर अग्रवाल से जुड़े मामले को लेकर राज्य सरकार पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच के लिए केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) और प्रवर्तन निदेशालय (ED) से जांच कराने की मांग की है।
गहलोत ने आरोप लगाया कि शिखर अग्रवाल के नाम के अनुरूप ही काम हुआ है। उन्होंने कहा कि 40 विला एक साथ लेने की खबर सामने आई है, जो चौंकाने वाली है। इस मामले में मुख्यमंत्री को स्वयं आगे आकर जवाब देना चाहिए, क्योंकि सरकार को बने लगभग तीन साल हो चुके हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री की अध्यक्षता में बैठक करके संबंधित कंपनी को छूट दिए जाने का निर्णय लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि जिन मामलों में आरोप लगाए जा रहे हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि सच्चाई सामने आ सके।
गहलोत ने एसीएस और पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड के अध्यक्ष के तौर पर लिए गए फैसलों पर भी सवाल उठाए। उन्होंने उदयपुर विकास प्राधिकरण को भ्रष्टाचार का बड़ा अड्डा बताते हुए कहा कि शिखर अग्रवाल के कलेक्टर रहने के दौरान ही भ्रष्टाचार की शुरुआत होने के आरोप सामने आए थे।
उन्होंने कहा कि जब मुख्यमंत्री उनसे मिले थे, तब उन्होंने अपने अनुभव साझा करते हुए सलाह दी थी कि भगवान ने मौका दिया है तो सभी को साथ लेकर चलें और भ्रष्टाचार पर ऐसी कार्रवाई करें कि लोगों को सरकार की कार्यप्रणाली पर संदेह न हो।
गहलोत ने आरोप लगाया कि आईएएस अधिकारियों पर नियंत्रण केंद्र सरकार की कंट्रोलिंग अथॉरिटी के पास होता है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में CBI और ED से जांच करवाई जाए, ताकि आरोपों की वास्तविकता स्पष्ट हो सके।
