जल संरक्षण का संदेश लेकर निकली स्काउट-गाइड जागरूकता रैली

देश 3 months ago
khirajaram siyag

Written by

khirajaram siyag

छह विद्यालयों के करीब 300 छात्र-छात्राओं ने लिया भाग

हापुड़, 22 जुलाई। जिलाधिकारी के आदेश तथा जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पुठिया के निर्देशन में भूजल सप्ताह के अंतर्गत मंगलवार को आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज से स्काउट-गाइड जागरूकता रैली निकाली गई। रैली का आयोजन ‘जल है तो कल सुरक्षित है’ थीम पर किया गया। जिला विद्यालय निरीक्षक डॉ. श्वेता पुठिया और विद्यालय की प्रभारी प्रधानाचार्या श्रीमती अर्चना गौतम ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया। विभिन्न विद्यालयों के स्काउट-गाइड छात्र-छात्राओं और विद्यालय की बैंड पार्टी ने रैली में भाग लिया।

रैली आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज से प्रारंभ होकर पक्का बाग चौराहा होते हुए नगर पालिका प्रांगण पहुंची। इस दौरान छात्र-छात्राओं ने हाथों में जल संरक्षण से संबंधित स्लोगन लिखी तख्तियां लेकर लोगों को जल बचाने के प्रति जागरूक किया। उन्होंने ‘जल ही जीवन है’ और ‘जल है तो कल है’ जैसे प्रेरक नारे लगाकर आमजन को जल संरक्षण का संदेश दिया।

रैली में आर्य कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज, टैगोर शिक्षा सदन इंटर कॉलेज, रामनिवास स्मारक बालिका इंटर कॉलेज, चौधरी ताराचंद जनता इंटर कॉलेज, श्री सरस्वती विद्यालय इंटर कॉलेज तथा दीवान इंटर कॉलेज, हापुड़ के लगभग 300 स्काउट-गाइड छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।

रैली के सफल आयोजन में जिला संगठन आयुक्त स्काउट-गाइड प्रकाश शर्मा, नीता कौशिक, स्वीटी वर्मा, राजकुमारी तथा प्रतिभागी विद्यालयों के स्काउट मास्टर और गाइड कैप्टनों ने सक्रिय योगदान दिया।

नगर पालिका प्रांगण में छात्र-छात्राओं और उपस्थित लोगों को जल संरक्षण का संकल्प दिलाने के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !