सरकारी स्कूलों से पढ़ी बेटियों को मिलेगी 30 हजार रुपए की छात्रवृत्ति

देश 3 months ago
khirajaram siyag

Written by

khirajaram siyag

अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की योजना, 10 से 31 अगस्त तक होंगे ऑनलाइन आवेदन

बीकानेर, 9 अगस्त। सरकारी विद्यालयों से दसवीं एवं बारहवीं कक्षा उत्तीर्ण करने वाली छात्राओं को उच्च शिक्षा के लिए अज़ीम प्रेमजी फाउंडेशन की ओर से 30 हजार रुपए की छात्रवृत्ति दी जाएगी। योजना के तहत आवेदन प्रक्रिया 10 अगस्त से शुरू होकर 31 अगस्त तक चलेगी।

छात्रवृत्ति योजना के प्रचार-प्रसार के लिए तैयार पोस्टर का विमोचन बीकानेर पश्चिम विधायक जेठानंद व्यास ने किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि बेटियों को शिक्षा के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में इस प्रकार की योजनाएं महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने योजना की जानकारी अधिक से अधिक पात्र छात्राओं तक पहुंचाने का आह्वान किया।

फाउंडेशन के डॉ. रविंद्र मारू ने बताया कि चयनित छात्राओं को स्नातक अथवा डिप्लोमा की पढ़ाई के दौरान 30 हजार रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की जाएगी। राजस्थान में इस वर्ष 35 हजार से अधिक छात्राओं को योजना से लाभान्वित करने का लक्ष्य रखा गया है।

उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 में प्रदेश की 5 हजार 214 छात्राओं तथा वर्ष 2025-26 में 22 हजार 714 छात्राओं का इस छात्रवृत्ति योजना के लिए चयन किया गया था। आवेदन का पहला चरण 10 से 31 अगस्त 2026 तक रहेगा, जबकि दूसरा चरण 10 जनवरी से 31 जनवरी 2027 तक संचालित किया जाएगा।

यह रहेगी छात्रवृत्ति की पात्रता

छात्रा का दसवीं एवं बारहवीं कक्षा सरकारी विद्यालय से नियमित विद्यार्थी के रूप में उत्तीर्ण होना आवश्यक है। साथ ही शैक्षणिक सत्र 2026-27 में भारत के किसी भी राज्य अथवा केंद्र शासित प्रदेश के सरकारी या मान्यता प्राप्त निजी महाविद्यालय अथवा विश्वविद्यालय में दो से पांच वर्ष अवधि के मान्यता प्राप्त स्नातक अथवा डिप्लोमा पाठ्यक्रम के प्रथम वर्ष में नियमित प्रवेश होना चाहिए।

योजना के लिए किसी प्रकार की आयु सीमा निर्धारित नहीं की गई है। पोस्टर विमोचन के दौरान उपनिदेशक जनसंपर्क हरि शंकर आचार्य भी मौजूद रहे।

Naya Avatar News से आप यहाँ भी जुड़ें !